ताज़ा खबर

'नो वेटिंग' मोड में नीतीश... उधर पेच फंसा है इधर खुद करने लगे नाम का ऐलान, वो भी सम्राट चौधरी के सामने

पटना: राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सुप्रीमो उपेन्द्र कुशवाहा की सभा मिलर हाईस्कूल के मैदान में थी। जदयू कार्यालय की चहारदीवारी उससे बिल्कुल सटी है। इस सभा से उन्होंने नीतीश कुमार को एक बड़ा संदेश दिया। वह यह कि नीतीश कुमार अपना उत्तराधिकारी चुन लें, वर्ना उनका भी हाल महान नेता जगदेव प्रसाद की तरह होगा। जगदेव प्रसाद ने एक मजबूत सामाजिक आंदोलन चलाया, लेकिन वह आंदोलन इसलिए आगे नहीं बढ़ पाया कि क्योंकि उनके बाद शोषित समाज दल का नेतृत्व संभालने वाला कोई योग्य नेता नहीं था। उन्होंने अपना योग्य उत्तराधिकारी नहीं चुना था। (उनके पुत्र, पिता की महान विरासत को आगे नहीं बढ़ा सके) इसी तरह नीतीश कुमार को भी ऐसा उत्तराधिकारी चुनना चाहिए, जो संगठन और उनकी विरासत को आगे बढ़ा सके। अगर समय रहते उत्तराधिकारी तय नहीं हुआ तो जगदेव प्रसाद का उदाहरण सामने है। उपेन्द्र कुशवाहा ने ये बात दबा- छिपा कर नहीं बल्कि डंके की चोट पर कही है। उन्होंने कहा भी- 'इस बाउंड्रीवाल के पीछे पार्टी कार्यालय में बैठे लोग ये बातें सुन रहे होंगे।'